एशियन गेम्स में जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक जीतकर जौनपुर लौटे रोहित यादव का बंधवा बाजार में जोरदार स्वागत हुआ। तिरंगा लेकर पहुंचे युवाओं और ग्रामीणों ने भारत माता की जय के नारे लगाए और फूल-मालाओं से रोहित का अभिनंदन किया।

UP News : एशियन गेम्स में जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर लौटे उत्तर प्रदेश जनपद के जौनपुर के मछलीशहर विकासखंड के डभिया गांव निवासी रोहित यादव का शुक्रवार को बंधवा बाजार में जोरदार स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले रोहित की एक झलक पाने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण बाजार में पहुंचे। रोहित के स्वागत के दौरान बंधवा बाजार का माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। हाथों में तिरंगा लेकर युवाओं का हुजूम ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ा। जैसे ही रोहित बंधवा बाजार पहुंचे, क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। रोहित ने भी सड़क किनारे खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
रोहित के स्वागत के लिए डभिया के अलावा अदारी, जगदीशपुर, बामी, भटेवरा, कठार, बरांवा और सेमरहो समेत आसपास के कई गांवों से युवा पहुंचे। लोगों में रोहित को देखने और उनके साथ तस्वीर लेने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। क्षेत्रवासियों ने उन्हें पदक जीतने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रोहित यादव की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है। उनके पिता सभाजीत यादव बेटे की सफलता पर बेहद खुश नजर आए। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि रोहित ने एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और जौनपुर जिले का नाम रोशन किया है।
विज्ञापन