UP News: माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा थाना पूंछ क्षेत्र में हाईवे पर हुआ जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा थाना पूंछ क्षेत्र में हाईवे पर हुआ जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कार में प्रयागराज के फटवा निवासी चार लोग सवार थे। इनमें 28 वर्षीय अहजम पुत्र मोहम्मद फारुख, 30 वर्षीय मोहम्मद जैद पुत्र जावेद अहमद, 24 वर्षीय उमर पुत्र अरसद और अतीक अहमद का बेटा आबान अहमद शामिल थे। गुरुवार सुबह जब कार झांसी की ओर जा रही थी तभी खिल्ली गांव के पास हाईवे पर अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल में शिफ्ट किया गया था। तभी से वह झांसी जेल में बंद है। हादसे की खबर सामने आने के बाद प्रयागराज और झांसी में हलचल तेज हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना सामने आ रही है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन