
Atiq Ahmed Case : ग्रेटर नोएडा। प्रयागराज पुलिस की भारी सुरक्षा के बीच माफिया अतीक अहमद की हत्या के बाद उसकी एनसीआर में बनामी संपत्ति जब्त हो सकती है। अतीक की एनसीआर के कई इलाकों मेंं बेनामी संपत्ति बताई जाती है। जिसकी जांच चल रही है।
राजू पाल हत्याकांड में गवाह उमेश पाल की दिनदहाड़े बीते 24 फरवरी को प्रयागराज में हत्या के बाद माफिया अतीक अहमद का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस द्वारा की गई जांच में अतीक अहमद का एक मकान गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा में भी पता चला था। ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर-36 में 90 मीटर के बने इस मकान का अलॉटमेंट वर्ष-1994 में हुआ था। उमेश पाल की हत्या में शामिल अतीत के बेटे असद की खोज में प्रयागराज पुलिस ने इस मकान में भी छापेमारी की थी।
पुलिस की जांच में पता चला था कि ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-36 में बने इस मकान में अतीक के बेटे असद ने रहकर ग्रेटर नोएडा के एक कॉलेज में पढ़ाई की थी। असद उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी था और उस पर 5 लाख रूपये का इनाम घोषित किया गया था। असद को एसटीएफ ने झांसी में एक मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था।
ग्रेटर नोएडा में माफिया अतीक की संपत्ति का पता लगने के बाद प्राधिकरण भी इसकी जांच कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक अब अतीक अहमद की मौत के बाद प्राधिकरण इस 90 मीटर के मकान को जब्त भी कर सकती है।
पुलिस की जांच में अतीक अहमद की कई सेल कंपनियों के फर्जी एड्रेस पर रजिस्र्ड होने का पता चला था। अतीक दिल्ली में रेलवे टेंडर से लेकर तमाम सरकारी टेंडर लेता था जो वह अपने गुर्गों के नाम पर चलाता था।