
Ayodhya International Airport उत्तर प्रदेश के अयोध्या (Ayodhya News) में जहां इस वक्त श्रीराम मंदिर निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है, वहीं अयोध्या से ही एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के साथ साथ एक और प्रोजेक्ट पर तेजी से काम किया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट है अयोध्या का इंटरनेशनल एयरपोर्ट। बड़ी खबर यह है कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर के उदघाटन से पहले अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा और यहां से फ्लाइट उड़ान भरना शुरू कर देंगी।
आपको बता दें कि भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के साथ ही अयोध्या में बनने वाला इंटरनेशल एयरपोर्ट भी खासा चर्चा में है। इस एयरपोर्ट का नाम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नवंबर के महीने में उड़ाने सुचारू रूप से चालू हो जाएंगी। एयरपोर्ट के निर्माण कार्य को तीन फेज में किया जा रहा है। एयरपोर्ट का रनवे पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। साथ ही एयरपोर्ट का एटीसी टॉवर भी पूरी तरह से बन गया है।
अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बारे में अधिक जानकारी देते हुए अयोध्या के जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। जल्द ही यह बिल्डिंग पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगी। एयरपोर्ट में हो रहे निर्माण कार्य को दो शिफ्टों में किया जा रहा है।
इन शहरों के लिए मिलेगी सेवाएं
अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले नवंबर के महीने में उड़ानों को शुरू कर दिया जाएगा। पहले चरण में दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई के लिए उड़ानें शुरू होंगी। इसके बाद देश के बाकी शहरों के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी।
आपको बता दें कि अगले साल 2024 के शुरुआत में राम मंदिर का उद्घाटन हो जाएगा। मंदिर के गर्भगृह में रामलला किस तारीख को विराजमान होंगे ? इसका भी ऐलान कर दिया गया है। 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर में रामलला विराजमान किए जाएंगे। इसका फैसला अयोध्या में चल रही बैठक में लिया गया है। Ayodhya News