
Ayodhya News : उत्तर प्रदेश में रामजी की नगरी अयोध्या की पवित्र सरयू नदी की जलधारा इन दिनों रील बनाने वालों का अड्डा बनी हुई है। सोशल मीडिया पर शोहरत हासिल करने के लिए यहां पहुंचने वाले रील प्रेमी राम की पौड़ी में उतरकर सरयू नदी के जल में डांस करते हुए वीडियो बना रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती सरयू नदी के पानी में उतरकर एक गाने पर डांस करती नजर आ रही है। युवती का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि अयोध्या की राम की पौड़ी में एक युवती गुलाबी रंग का सूट पहने डांस करती नजर आ रही है। बताया जाता है कि यह युवती रील बनाने के चक्कर में अयोध्या नगरी की पवित्र मर्यादाओं को भी भूल बैठी है। युवती का वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं।
कमेंट करने वाले लोगों का कहना है कि राम की पौड़ी पर सरयू नदी की पवित्र जलधारा में इस तरह रील बनाना बेहद शर्मनाक है। लोगों का कहना है कि अयोध्या एक आध्यात्मिक नगरी है और सरयू नदी का जिक्र पौराणिक कथाओं में भी मिलता है, ऐसे में रील बनाने वाली युवती नेटिजन्स के निशाने पर है।
दरअसल, अयोध्या के सरयू नदी में स्थित राम की पैड़ी में पिछले दिनों एक युवती ने साल 2000 में आई बिच्छू फिल्म के गाने 'जीवन में जाने जाना एक बार है होता प्यार' पर रील बनाई।
रील बनाने के बाद जब युवती ने उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया, उसके बाद यह रील वायरल हो गई। मंगलवार को इस रील को डाऊनलोड कर कुछ लोग सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर शेयर करने लगे।