
Ayodhya News : अयोध्या में बन रहे भव्य एवं दिव्य श्रीराम मंदिर के अंदर गुंबद पर की गई नक्काशी की तस्वीरें सामने आई हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने नक्काशी की तस्वीरें साझा करते हुए इसकी भव्यवता से रामभक्तों को रुबरु कराया है। आपको बता दें कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्री रामलला सरकार के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर के 4000 संत- महात्मा एवं समाज के 2500 प्रतिष्ठित महानुभव उपस्थित रहेंगे। इस समारोह के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष आमंत्रित किया गया है।
आपको बता दें कि इस समय अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर का कार्य हर दिन प्रगति की तरफ बढ़ रहा है। कुछ दिनों पूर्व श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राम मंदिर की नई तस्वीरें शेयर की गई थी। अयोध्या के राम मंदिर में सिंह द्वार, नृत्य मंडप और फर्श की फोटो सामने आई थी। जिसमें खूबसूरत नक्काशी उकेरी जा रही थी। अब श्रीराम मंदिर के भीतर की जा रही नक्काशी की तस्वीरें भी सामने आई हैं। मंदिर के अंदर गुंबद और खंभों पर सुंदर जालीदार नक्काशी की गई है, जो राम मंदिर की भव्यवता को दर्शा रही है।
अयोध्या में अगले साल जनवरी में होने वाले राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले अयोध्या में भी विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। अयोध्या को उत्तर प्रदेश की पहली 'सोलर सिटी' के रूप में विकसित करने के लिए युद्ध स्तर पर काम जारी है।
हाल ही में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से जानकारी देते हुए बताया गया था कि मंदिर के निर्माण पर 5 फरवरी 2020 से 31 मार्च 2023 तक 900 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अभी भी ट्रस्ट के बैंक खातों में 3000 करोड़ रुपये हैं। ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने कहा कि सरयू तट पर स्थित राम कथा संग्रहालय एक कानूनी ट्रस्ट होगा और इसमें राम मंदिर का 500 साल का इतिहास और 50 साल के कानूनी दस्तावेज रखे जायेंगे।