
Azam Khan: खबर उत्तर प्रदेश के रामपुर से है। जहां पर सपा नेता आजम खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दरअसल, दो दिन पूर्व रामपुर के किला मैदान में एक सभा को संबोधित करते हुए आजम खान ने चुनाव आयोग के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया था। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को भांडगीरी कहा था। जिसके बाद निगरानी टीम इंचार्ज की ओर से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 1 दिसंबर को रामपुर में किला मैदान में सपा की रैली थी। इस रैली में अखिलेश यादव भी मौजूद थे। इस सभा में सुजेश कुमार सागर वहां चुनाव आयोग की ओर से बतौर निगरानी टीम इंचार्ज पहुंचे हुए थे। उन्होंने ही आजम के खिलाफ तहरीर दी है। सुजेश कुमार ने आरोप लगाया है कि आजम खान ने चुनाव आयोग को भांड और चुनाव प्रक्रिया को भांडगीरी कहा। इसके साथ ही बुर्कापोशों पर डंडे बरसाने वाले जिंदाबाद भी कहा।
आपको बता दें कि आजम खान के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। बच्चा पैदा करने वाले बयान पर सपा नेता आजम के खिलाफ रामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक जनसभा के दौरान महिलाओं को लेकर विवादित और अपमानजनक बातें कही थीं। प्रचार के दौरान उन्होंने एक चुनावी सभा में कहा था कि मैं 4 बार सरकार में रहा हूं, अगर मैंने ऐसा किया होता तो बच्चा मां के पेट से पैदा होने से पहले ये पूछता कि पूछ लो आजम खान से कि बाहर निकलना है या नहीं। आजम के इसी भाषण का विरोध करते हुए महिलाओं ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
आपको बता दें कि आजम खान द्वारा विवादित बयान देने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वह अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चाओं में रहे हैं। उन्होंने जयाप्रदा पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके अलावा उन्होंने स्व. मुलायम सिंह यादव को लेकर भी अपमानजनक बयान दिया था। आजम ने कहा था कि वो सफेद धोती के नीचे खाकी निक्कर पहनते हैं। इसके अलावा रामपुर डीएम, सेना पर और यहां तक कि भारत माता पर भी विवादित बयान दिया था।