आजमगढ़ में युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील फोटो-वीडियो से धमकाने के मामले में आरोपी गुजरात से गिरफ्तार हुआ।

UP News : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में युवती को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने, शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए धमकाने के मामले में रौनापार थाना पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था और उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी कराया गया था। पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को युवती की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर रौनापार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्तगण युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप यह भी था कि इस दौरान युवती के अश्लील फोटो और वीडियो बनाए गए। शिकायत के मुताबिक बाद में इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए युवती के रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी गई। इसके अलावा गाली-गलौज और धमकाने के आरोप भी लगाए गए थे। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 173/2026 के तहत धारा 69, 352, 351(3) बीएनएस तथा 67ए आईटी एक्ट में अभियोग दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आर्यन गिरी उर्फ विशाल गिरी का नाम प्रकाश में आने की बात कही। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) भी प्राप्त किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की। विवेचक एवं निरीक्षक अपराध अशोक कुमार तिवारी ने आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन गुजरात के अहमदाबाद में मिलने के बाद पुलिस टीम वहां पहुंची।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से आजमगढ़ पुलिस ने सरसपुर इटवारा, थाना शहर कोटडा, अहमदाबाद स्थित एक किराए के मकान पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद अहमदाबाद स्थित न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर पुलिस टीम आरोपी को आजमगढ़ लेकर पहुंची। यहां आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। UP News :
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर्यन गिरी उर्फ विशाल गिरी पुत्र राकेश गिरी, निवासी ग्राम धरमगंज, थाना भीटी, जनपद अंबेडकर नगर के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता रामपुर की चाली, अंबेडकर, अहमदाबाद, गुजरात बताया गया है। आरोपी की उम्र करीब 21 वर्ष है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
विज्ञापन