वजीरगंज थाना क्षेत्र के ब्योली गांव में एक युवक ने महज इस बात पर आधी रात को यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली कि उसकी पत्नी ने उसके मन मुताबिक सूखी सब्जी नहीं बनाई। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात गांव निवासी अरविंद कश्यप ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

UP News : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से पति-पत्नी के बीच हुए विवाद का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान करने के साथ-साथ मुस्कुराने पर भी मजबूर कर दिया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के ब्योली गांव में एक युवक ने महज इस बात पर आधी रात को यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली कि उसकी पत्नी ने उसके मन मुताबिक सूखी सब्जी नहीं बनाई। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात गांव निवासी अरविंद कश्यप ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। कॉल मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। रात में गांव में पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही लोगों में हलचल मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण युवक के घर के बाहर जमा हो गए। UP News
पुलिसकर्मियों ने जब युवक से विवाद का कारण पूछा तो उसने अपनी पत्नी की ओर इशारा करते हुए कहा, "साहब, हमारी कल्लो रोज हमें पतली सब्जी खिलाती है। मुझे सूखी सब्जी पसंद है, फिर भी उसने आज भी पतली सब्जी ही बनाई।" बताया जा रहा है कि शिकायत करते समय युवक शराब के नशे में था और इसी बात को लेकर नाराज था। मौके पर मौजूद पुलिस ने युवक और उसकी पत्नी से बातचीत कर पूरे मामले को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हो गया। इस दौरान घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया। UP News
घटना का वीडियो सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में युवक अपनी शिकायत बड़े ही अलग अंदाज में पुलिस के सामने रखता दिखाई दे रहा है। वायरल क्लिप पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे पति-पत्नी की नोकझोंक बता रहा है तो कोई इस घटना को हास्यपूर्ण बताते हुए सोशल मीडिया पर साझा कर रहा है। UP News
विज्ञापन