Badaun News: गौशाला में अनियमितता, पंचायत सचिव निलंबित, प्रधान की पावर सीज
Badaun News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 08:09 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 08:09 PM
Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंत तहसील क्षेत्र में कुरखेड़ा गांव की गौशाला में जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण में तमाम अनियमितता पाने के बाद पंचायत सचिव को निलंबित करने और ग्राम प्रधान के अधिकारों के प्रयोग पर रोक लगाने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के भी निर्देश दिये हैं।
Badaun News
जिलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों के साथ दातागंज तहसील क्षेत्र के गांव कुरखेड़ा में नवनिर्मित गौशाला का आकस्मिक निरीक्षण किया तो वहां घोर अनियमितताएं पाई गई। उनके अनुसार गो-वर्धन के नाम पर लाखों रुपये निकाले जा रहे थे, किंतु वहां पलने वाली गायों की दशा बहुत ही दयनीय पाई गई।
कुमार ने बताया कि गोवंश को ठंड से बचाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। जिलाधिकारी ने कहा कि मौके पर मात्र 66 गोवंश पाए गए, लेकिन 119 अतिरिक्त गोवंश के भरण पोषण के लिए साढ़े तीन लाख रुपये प्रति माह फर्जी तरीके से लिये जाते थे।
इस अनियमितता के उजागर होने पर मनोज कुमार ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को पंचायत सचिव राजनारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और ग्राम प्रधान रामश्री का अधिकार जब्त करने का निर्देश दिया।
कुमार ने बताया कि सचिव के निलंबन और प्रधान का अधिकार जब्त करने के साथ-साथ चार गौ संरक्षको की सेवाएं भी समाप्त की गई हैं तथा इस मामले की जांच जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को सौंपी गई है।
उन्होंने बताया लगातार पूरे जिले में आकस्मिक छापामारी कर गोवंशों की स्थिति की जांच की जाएगी और दोषी लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।