बलिया में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने सीएम युवा क्षमता संवर्धन कार्यशाला में हिस्सा लिया। जिला फिलहाल यूपी में दूसरे स्थान पर है और नंबर-1 बनने की तैयारी है।

UP News : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के युवाओं को स्वरोजगार और उद्योग स्थापना की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए उद्यमी लॉन्चपैड के अंतर्गत सीएम युवा क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में 300 से अधिक युवाओं और प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरकारी योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता और ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें अपना कारोबार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यशाला मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कार्यक्रम को दो पालियों में संचालित किया गया। पहली पाली में युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) और एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों और विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और बैंक के माध्यम से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। युवाओं को बताया गया कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर वे अपना उद्योग स्थापित कर सकते हैं और अपने लिए रोजगार के साथ-साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। कार्यशाला में युवाओं को स्वरोजगार को केवल व्यक्तिगत आय का माध्यम न मानकर स्थानीय आर्थिक और औद्योगिक विकास से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। UP News :
कार्यशाला की दूसरी पाली में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयकों और शाखा प्रबंधकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बैंक स्तर पर आने वाली कठिनाइयों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही बैंक अधिकारियों को सीएम युवा पोर्टल की कार्यप्रणाली और उसके प्रभावी इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई। युवाओं और बैंक अधिकारियों के बीच योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर संवाद भी हुआ, ताकि पात्र लाभार्थियों को ऋण प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने युवाओं से सरकारी योजनाओं के माध्यम से ऋण प्राप्त कर गुणवत्तापूर्ण और सफल उद्योग स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़कर न केवल अपने लिए बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। इससे जिले के आर्थिक और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उपायुक्त उद्योग रोशन अम्बेडकर ने विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि ऋण प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, बलिया से संपर्क कर समस्या का समाधान कराया जा सकता है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को बताया कि सीएम युवा योजना के क्रियान्वयन में बलिया वर्तमान में उत्तर प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने और बेहतर क्रियान्वयन के जरिए बलिया को प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला के दौरान युवाओं और बैंक अधिकारियों के बीच सीधे संवाद से योजनाओं की जमीनी स्थिति, ऋण प्रक्रिया और सामने आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। UP News :
विज्ञापन