बलिया में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से निहोरा नगर के वार्ड 24 में करीब 50 घरों में पानी पहुंच गया। DM मंगला प्रसाद सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

UP News : उत्तर प्रदेश के बलिया में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का असर बढ़ता जा रहा है। शहर के निहोरा नगर में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंचने की सूचना के बाद जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह मंगलवार को मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद लेखपाल और कानूनगो से वार्डवार स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नगर के वार्ड नंबर 24 में करीब 50 घरों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है, जबकि वार्ड नंबर 11 में कुछ घर प्रभावित हुए हैं।
जिलाधिकारी ने लेखपाल को निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड में तत्काल सर्वे कराया जाए। सर्वे में यह जानकारी जुटाने को कहा गया कि कितने मकानों में पानी पहुंचा है, कितने घर सुरक्षित हैं और प्रभावित इलाकों में कितनी गर्भवती महिलाएं मौजूद हैं। उन्होंने सर्वे की रिपोर्ट मंगलवार शाम तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम यारपुर के बाढ़ पीड़ितों ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि क्षेत्र का संबंधित लेखपाल मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि रास्तों पर पानी भर जाने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने यारपुर के लेखपाल को तत्काल चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सके। UP News :
जिलाधिकारी ने कानूनगो को वजीरापुर गांव का विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए। सर्वे के दौरान गांव में कुल घरों की संख्या, बाढ़ से प्रभावित मकानों, प्रभावित गर्भवती महिलाओं और घर छोड़कर दूसरे स्थानों पर जाने वाले लोगों की पूरी जानकारी जुटाने को कहा गया। इसके अलावा जिलाधिकारी ने नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट से कहा कि सभी वार्डों में सर्वे कराया जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित लेखपाल नियमित रूप से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उन्हें राहत के साथ जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। UP News :
विज्ञापन