बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में गाली-गलौज का विरोध करने पर दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा BHU रेफर है।

UP News : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पाटीदारों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह के दोथ गांव में गाली-गलौज का विरोध करने और समझाने पहुंचे दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। गांव में पाटीदार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान शोर सुनकर अमरेश बहादुर सिंह पुत्र स्वर्गीय जितेंद्र सिंह अपने भाई मंजेश सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों भाइयों ने कथित तौर पर रामकरण सिंह को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया।
बताया गया है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रामकरण सिंह, उनके पिता गिरीश सिंह, भाई सूरज सिंह, बहन और मां ने मिलकर अमरेश बहादुर सिंह और मंजेश सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुई चाकूबाजी में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उभांव (सियर) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मऊ रेफर कर दिया।
मऊ में उपचार के दौरान अमरेश बहादुर सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे घायल मंजेश सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल रेफर किया है। अमरेश की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक अमरेश बहादुर सिंह की पुत्री की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना के बाद किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा हमले में इस्तेमाल हथियार और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। UP News:
विज्ञापन