बलिया में शादी समारोह में महिला की चोरी-छिपे तस्वीरें और वीडियो बनाने का आरोप है। एडिट कर आपत्तिजनक वीडियो रिश्तेदारों को भेजकर ब्लैकमेल किया गया। केस दर्ज।

UP News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से महिला को कथित तौर पर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी समारोह में शामिल होने गई महिला की चोरी-छिपे तस्वीरें और वीडियो बनाए गए। इसके बाद तस्वीरों और वीडियो को एडिट कर आपत्तिजनक रूप दिया गया और उन्हें महिला के साथ उसके रिश्तेदारों को भी भेजा गया। पीड़िता की शिकायत पर बांसडीह कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार, पिछले कुछ समय से उसके मोबाइल पर लगातार अलग-अलग अनजान नंबरों से फोन आ रहे थे। कॉल करने वाला व्यक्ति उससे बातचीत करने और नजदीकी बढ़ाने का दबाव बना रहा था। महिला ने जब इसका विरोध किया तो भी फोन आने का सिलसिला नहीं रुका। कड़ाई से पूछताछ करने पर कॉलर ने अपना नाम संजय कुमार और पता ग्राम लक्ष्मनपुर, थाना नरही बताया।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले वह अपने एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान संजय कुमार वहां पहुंचा और उसने महिला की जानकारी के बिना उसकी तस्वीरें और वीडियो बना लिए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने इन तस्वीरों और वीडियो को एडिट कर आपत्तिजनक रूप दे दिया। इसके बाद उन्हें महिला के मोबाइल के साथ-साथ उसके परिजनों और रिश्तेदारों के नंबरों पर भेजना शुरू कर दिया।
महिला के मुताबिक, जब उसने आरोपी की हरकत का विरोध किया तो उसे समाज में बदनाम करने की धमकी दी गई। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। शुरुआत में सामाजिक बदनामी और परिवार की चिंता के चलते महिला ने मामले की जानकारी किसी को नहीं दी। लेकिन कथित मानसिक प्रताड़ना बढ़ने के बाद उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई।
पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद उसने संबंधित नंबरों को ब्लैकलिस्ट कर दिया और अपना फोन बंद कर लिया। हालांकि, लगातार मिल रही धमकियों और किसी अनहोनी की आशंका के बीच पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया। पीड़िता बांसडीह कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की।
बांसडीह कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी संजय कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों और कथित वीडियो एवं तस्वीरों की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी ने कथित तौर पर तस्वीरें और वीडियो किस उद्देश्य से बनाए थे तथा इस मामले में उसके खिलाफ कौन-कौन से अन्य तथ्य सामने आते हैं। UP News:
विज्ञापन