बांदा के पैलानी में 15 वर्षीय किशोरी कंचन ने जन्मदिन के अगले दिन फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बांदा। बांदा के पैलानी थाना क्षेत्र में एक किशोरी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि शनिवार को ही 15 वर्षीय कंचन का जन्मदिन परिवार ने खुशियों के साथ मनाया था। जन्मदिन के अगले ही दिन रविवार को किशोरी ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरबंस पुरवा मजरा सिंधन कला निवासी सियाराम गुप्ता की बेटी कंचन कक्षा 11 की छात्रा थी और पैलानी जीआईसी इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। परिजनों के मुताबिक 22 अगस्त को कंचन का जन्मदिन मां, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर मनाया था। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन अगले दिन हुई घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।UP News
परिजनों के अनुसार रविवार को घरेलू बात को लेकर कंचन की मां और बहन से कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह नाराज होकर कमरे में चली गई। दोपहर करीब 12 बजे उसकी मां सुनीता जानवर चराने के लिए ले जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान जब वह कमरे में पहुंचीं तो बेटी को फांसी पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। मां की चीख सुनकर परिवार के लोग और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किशोरी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कंचन के पिता सियाराम इस समय बेंगलुरु में हैं, जबकि उसका भाई सूरत में रहता है। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद दोनों घर के लिए रवाना हो गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।UP News
घटना की जानकारी मिलते ही पैलानी थाना प्रभारी राममोहन राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राममोहन राय के मुताबिक किशोरी के यह कदम उठाने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। UP News
विज्ञापन