उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में मां अपने पांच वर्षीय बेटे प्रियांशु पाल को दवा दिलाने जा रही थी, लेकिन रास्ते में चंद्रावल नदी के क्षतिग्रस्त रपटे पर अचानक संतुलन बिगड़ गया और मासूम नदी में जा गिरा। बच्चे को आंखों के सामने नदी में समाता देख मां शशि पाल चीखती रह गई।

UP News : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पांच वर्षीय मासूम प्रियांशु पाल अपनी मां की आंखों के सामने चंद्रावल नदी में गिर गया। बच्चे के नदी में समाते ही मां शशि पाल चीख पड़ी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। फिलहाल NDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से मासूम की तलाश जारी है। UP News
जानकारी के मुताबिक प्रियांशु पिछले चार-पांच दिनों से बुखार से पीड़ित था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे उसकी मां उसे दवा दिलाने के लिए नांदादेव जा रही थी। इसी दौरान पड़ोहरा गांव के पास चंद्रावल नदी के क्षतिग्रस्त रपटे को पार करते समय हादसा हो गया। बताया गया कि रपटा क्षतिग्रस्त होने के कारण मां बच्चे को वहां बनी दीवार के ऊपर से निकाल रही थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और पांच वर्षीय प्रियांशु नदी में जा गिरा। बच्चे के नदी में गिरते ही मां ने मदद के लिए शोर मचाया। UP News
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर नदी में बच्चे की तलाश शुरू कर दी। बाद में प्रशासन और पुलिस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पैलानी एसडीएम भूपेंद्र सिंह, तहसीलदार महेंद्र गुप्ता और नायब तहसीलदार वेद प्रकाश समेत जसपुरा और पैलानी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद NDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर तक नदी में तलाश चलती रही, लेकिन मासूम का कोई सुराग नहीं मिल सका। प्रशासन की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं। प्रियांशु तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का बताया जा रहा है। उसके पिता संतोष पाल अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। हादसे की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। बच्चे के बाबा सुखदेव पाल और दादी दुर्गी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन नदी के किनारे टकटकी लगाए हुए हैं और मासूम के सकुशल मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। UP News
विज्ञापन