बाराबंकी लाठीचार्ज पर गरजे CM योगी, पुलिस अफसरों पर गिरी गाज
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 12:57 AM
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रामस्वरूप यूनिवर्सिटी के छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई से नाराज सीएम योगी ने जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के आदेश दिए हैं। UP News
CO सस्पेंड, इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर बाराबंकी के CO हर्षित चौहान को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि नगर कोतवाली के इंस्पेक्टर और गदिया चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या रेंज के IG प्रवीण कुमार को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है।
डिग्री की वैधता की भी जांच होगी
सिर्फ पुलिस पर ही नहीं, बल्कि रामस्वरूप यूनिवर्सिटी की डिग्री को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने अयोध्या मंडलायुक्त को विश्वविद्यालय में संचालित LLB कोर्स की मान्यता और डिग्री की वैधता की जांच के आदेश दिए हैं।
क्या है मामला?
बाराबंकी की रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में LLB कोर्स की मान्यता रद्द होने के बाद भी नए छात्रों के एडमिशन लिए जा रहे थे। इसको लेकर छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। विरोध के दौरान छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस हिंसक कार्रवाई में 25 से अधिक छात्र और कार्यकर्ता घायल हो गए। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखी गई और उन्होंने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
घटना के बाद प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने खुद अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे मामले में तेजी से संज्ञान लेते हुए यह स्पष्ट किया कि पुलिस की ज्यादती किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। UP News