बाराबंकी के एक युवा क्रिकेटर ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय क्रिकेट में जगह बनाने के बाद अब उनकी नजर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर होगी। जानिए उनके संघर्ष और सफलता की पूरी कहानी।

UP News:उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। यहां की आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले युवा क्रिकेटर विप्रज निगम का चयन भारतीय ए क्रिकेट टीम में हुआ है। वह आगामी राइजिंग स्टार्स एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में किया जाएगा। विप्रज के चयन की खबर मिलते ही जिले के खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। UP News
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए घोषित भारतीय ए टीम की कप्तानी तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रजत पाटीदार उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम में उत्तर प्रदेश के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह की भी वापसी हुई है। इसके अलावा अभिषेक शर्मा और युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में जगह मिली है। ऐसी मजबूत टीम में विप्रज निगम का चयन उनके क्रिकेट करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब दोहा में उनके प्रदर्शन पर बाराबंकी समेत प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी। UP News
विप्रज निगम का जन्म बाराबंकी में एक शिक्षक परिवार में हुआ था। उनके माता-पिता के मुताबिक, बचपन से ही उनकी पढ़ाई के साथ खेलों में भी विशेष रुचि थी। क्रिकेट के प्रति उनका जुनून देखकर परिवार ने उन्हें आगे बढ़ाने का फैसला किया। शुरुआत में हैदरगढ़ से बाराबंकी के एंथोनी स्कूल में उनका दाखिला कराया गया। यहां क्रिकेट कोच सरवर नवाब ने उन्हें खेल की बारीकियां सिखाईं और उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद विप्रज ने लखनऊ में रहकर अपने क्रिकेट कौशल को और बेहतर बनाया। UP News
विप्रज निगम ने अंडर-19 स्तर पर बतौर ओपनिंग बल्लेबाज अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने लेग स्पिन गेंदबाजी में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्हें उत्तर प्रदेश की टीम में टी-20, वनडे और चार दिवसीय क्रिकेट खेलने का मौका मिला। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से भी खेल चुके हैं। इसके अलावा यूपी टी-20 लीग में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। घरेलू क्रिकेट से लेकर आईपीएल तक का उनका सफर अब भारतीय ए टीम में चयन के साथ एक नए पड़ाव पर पहुंच गया है।UP News
विप्रज निगम भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को अपना आदर्श मानते हैं। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ के सचिव केएम खान ने उनके चयन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विप्रज ने कठिन परिश्रम और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय ए टीम में चयन विप्रज के क्रिकेट करियर की बड़ी उपलब्धि है। अब बाराबंकी के इस युवा खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। UP News
विज्ञापन