बाराबंकी के अमोली कला में गणेश चतुर्थी महोत्सव पर अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन हुआ। देशभर से आए कवियों ने देर रात तक श्रोताओं का मनोरंजन किया।

UP News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमोली कला में छठे गणेश चतुर्थी महोत्सव के अवसर पर बुधवार रात अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे नामचीन कवियों ने अपनी रचनाओं से ऐसा समां बांधा कि देर रात तक पूरा पंडाल तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कवि सम्मेलन में पहुंचकर कविताओं का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण कर किया। इसके बाद लखनऊ की कवयित्री अंशु सुप्रिया दुबे ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और कवि सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ हुआ। अंशु सुप्रिया दुबे ने श्रृंगार रस से जुड़ी गीतात्मक रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित कवि एवं गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना ने मंच संभाला। उनके मंच पर पहुंचते ही पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से जीवन में सफलता हासिल करने के बावजूद अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
चित्रकूट से पहुंचे कवि पंडित सुनील सौम्य ने प्रेम और भक्ति से जुड़ी रचनाएं सुनाकर माहौल को भावपूर्ण बना दिया। हाथरस के कवि सबरस मुरसानी ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं में देशप्रेम का भाव जगाया। बाराबंकी के कवि प्रदीप महाजन ने भगवान राम और रामलला से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिन्हें श्रोताओं ने खूब सराहा। वहीं कार्यक्रम के संचालक रायबरेली के नीरज पांडेय ने हास्य-व्यंग्य से लोगों को खूब गुदगुदाया। कवि सम्मेलन में श्रृंगार, भक्ति, राष्ट्रभक्ति और हास्य-व्यंग्य से जुड़ी रचनाओं ने श्रोताओं का मनोरंजन किया। अलग-अलग कवियों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक तालियां बजती रहीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पहुंचे। देर रात तक चले कवि सम्मेलन में श्रोताओं ने कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता राजेश कुमार सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का संयोजन रमाकांत शुक्ला एडवोकेट ने किया। आयोजन के दौरान गणेश चतुर्थी महोत्सव का उत्साह भी देखने को मिला। UP News:
विज्ञापन