बरेली के कपूरपुर गांव में रामगंगा नदी के कटान से प्राचीन मंदिर पर खतरा मंडरा रहा है। नदी की तेज धारा मंदिर के बेहद करीब पहुंच गई है।

UP News : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में लगातार बारिश के बाद रामगंगा नदी का जलस्तर और कटान ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बन गया है। कपूरपुर गांव में नदी की तेज धारा लगातार कटान कर रही है और अब गांव के प्राचीन मंदिर के बेहद करीब पहुंच गई है। मंदिर से सटकर बह रहे पानी को देखकर ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि नदी का कटान जल्द नहीं रुका तो वर्षों पुराना प्राचीन मंदिर भी रामगंगा की तेज धारा की चपेट में आ सकता है। नदी पहले ही गांव की कई बीघा कृषि भूमि को काटकर अपने आगोश में ले चुकी है।
प्राचीन मंदिर को रामगंगा के कटान से बचाने के लिए बाढ़ खंड की टीम कई दिनों से मौके पर जुटी हुई है। विभागीय कर्मचारी नदी के बहाव और कटान को नियंत्रित करने के लिए लगातार बचाव कार्य कर रहे हैं। नदी किनारे मिट्टी से भरे कट्टे और पेड़ लगाए जा रहे हैं, ताकि पानी की तेज धारा को मंदिर की तरफ बढ़ने से रोका जा सके। विभाग की कोशिश है कि कटान की रफ्तार कम करके मंदिर को सुरक्षित रखा जाए।
गांव निवासी प्रदुम सिंह के मुताबिक रामगंगा के कटान के कारण गांव की कई बीघा जमीन नदी में समा चुकी है। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से नदी का पानी मंदिर के बिल्कुल पास से बह रहा है। इससे ग्रामीणों में लगातार चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कटान की रफ्तार इसी तरह जारी रही तो गांव की पुरानी धरोहर को बचाना मुश्किल हो सकता है। फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें बाढ़ खंड के बचाव कार्य और रामगंगा के बदलते बहाव पर टिकी हुई हैं।UP News :
विज्ञापन