विज्ञापन
UP News : परसदेपुर गांव निवासी संजीव तिवारी पेशे से हलवाई हैं। काम से घर लौटते ही उनकी पत्नी रन्नो देवी ने उन पर कथित रूप से डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

UP News: जिले के औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें पत्नी पर अपने पति की हत्या की कोशिश का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल पति का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
परसदेपुर गांव निवासी संजीव तिवारी पेशे से हलवाई हैं। बुधवार को काम से घर लौटते ही उनकी पत्नी रन्नो देवी ने उन पर कथित रूप से डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रन्नो देवी ने संजीव को चारपाई से बांधकर बेरहमी से पीटा और उनके शरीर में बिजली का करंट भी लगाया।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो संजीव तिवारी चारपाई से बंधे हुए तड़प रहे थे और उनके शरीर पर बिजली का तार लिपटा हुआ था। परिजनों ने तुरंत तार हटाकर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में बढ़ती घरेलू हिंसा
गौरतलब है कि इससे पूर्व 26 जून को मलवा थाना क्षेत्र के असवार तारापुर गांव में एक अन्य मामले में पत्नी प्रीति देवी पर पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगा था, जिसमें पति की मौत हो गई थी। पुलिस ने 2 जुलाई को आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।जिले में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सनसनी फैला दी है और घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों को लेकर लोगों में गहरी चिंता व्याप्त है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मामले की जांच पूरी होने तक अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
विज्ञापन