सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र में भूत-प्रेत की बात को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि नंदलाल बैसवार ने अवध लाल साकेत की गर्दन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।

UP News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से अंधविश्वास और आपसी विवाद से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जुगैल थाना क्षेत्र के भरहरी गांव में भूत-प्रेत की बात को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने दूसरे पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना 4 अक्टूबर की बताई जा रही है। जुगैल थाना क्षेत्र के टोला चकदहिया निवासी अवध लाल साकेत के पास उनका पड़ोसी नंदलाल बैसवार कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बातचीत शुरू हुई। बताया गया है कि बातचीत के दौरान भूत-प्रेत के साये को लेकर चर्चा होने लगी। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान नंदलाल बैसवार ने आपा खो दिया और अवध लाल की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर चोट लगने के कारण अवध लाल खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। UP News:
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घायल अवध लाल के छोटे भाई रामजी साकेत की तहरीर के आधार पर जुगैल थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया। पुलिस के मुताबिक 5 अक्टूबर को करीब 11 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नंदलाल बैसवार को भरहरी मुख्य मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। जुगैल थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को आगे बढ़ाया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। भूत-प्रेत जैसी मान्यताओं को लेकर शुरू हुआ विवाद इस तरह हिंसक घटना में बदल गया, जिसने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। UP News:
विज्ञापन