Big Breaking : अखिलेश यादव के गांव सैफई में भी चलेगा बाबा का बुल्डोजर
भारत
चेतना मंच
04 Jun 2022 10:13 PM
Lucknow / Itawa : लखनऊ/इटावा। भूतपूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Samajwadi Party National President Akhilesh Yadav) के गांव सैफई से एक बड़ी खबर आ रही है। खबर यह है कि बुल्डोजर बाबा के नाम से मशहूर हो चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) का बुल्डोजर जल्दी ही सैफई पहुंचने वाला है। प्रदेश के पीडब्ल्यूडी विभाग ने सैफई में बुल्डोजर चलाने की तैयारियां कर ली हैं।
पीडब्ल्यूडी के अंतरंग सूत्रों का दावा है कि जल्द ही सैफई-इटावा रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के प्रथम चरण की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। इटावा से सैफई जाने वाली सड़क के किनारे बने हुए भवनों, मकानों व दुकानों पर पीडब्ल्यूडी ने लाल निशान लगाने शुरू कर दिए हैं। लाल निशान लगाकर लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि वे अपना अतिक्रमण खुद हटा दें नही तो उसे तोड़ दिया जाएगा।
कुछ समाचारों में तो यहां तक दावा किया जा रहा है कि इस अतिक्रमण हटाओ अभियान की जद में अखिलेश यादव के चाचा व सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपल यादव का एक मकान भी आ रहा है। इतना ही नहीं अतिक्रमण हटाओ अभियान की जद में कई सरकारी भवन भी आ रहे हैं। सैफई के कई लोगों का कहना है कि हमें तो पहले से ही आभास था कि एक ना एक दिन बाबा का बुल्डोजर यहां जरूर चलेगा। भला बाबा व उनकी सरकार सैफई को कैसे भूल सकते हैं।