
UP News : गंगा तट की ऐतिहासिक नगरी काशी आज एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और प्रशासनिक विमर्श की साक्षी बनेगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में वाराणसी में मध्य क्षेत्रीय परिषद (Central Zonal Council) की 25वीं बैठक आयोजित हो रही है, जिसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी भाग लेंगे। यह पहली बार है जब यह बैठक वाराणसी की भूमि पर आयोजित हो रही है।
गृहमंत्री अमित शाह रविवार शाम वाराणसी पहुंचे और उनके स्वागत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत चारों राज्यों के मुख्यमंत्री लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उपस्थित रहे। परंपरागत काशी शैली में गृहमंत्री का स्वागत हुआ और सभी नेता बाबा काल भैरव एवं बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी द्वारा आयोजित विशेष रात्रिभोज में सभी अतिथि शामिल होंगे।
बैठक सोमवार, 24 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होटल ताज में प्रस्तावित है। यह बैठक न केवल प्रशासनिक समन्वय का मंच होगी, बल्कि सुरक्षा, अवसंरचना, सीमावर्ती राज्यों के मुद्दे, जल प्रबंधन और औद्योगिक विकास जैसे विषयों पर भी ठोस विमर्श होगा। चारों राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग के प्रतिनिधि और अंतरराज्यीय परिषद से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी इस अहम बैठक में हिस्सा लेंगे।
शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की ओर से गृह मंत्री के स्वागत की भव्य योजना बनाई गई है। काशी की परंपरागत आत्मा को जीवंत करते हुए 11 विभिन्न स्थानों पर ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन इस अभिनंदन में भाग लेंगे। UP News