
UP News : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के दांदरपुर गांव में बीते गुरुवार को कथावाचक मुकुट मणि यादव के मामले से उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के दांदरपुर गांव में ‘अहीर रेजीमेंट’ और ‘यादव महासभा’ के सदस्यों ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे हालात बेकाबू हो गए। हालात इतने बेकाबू हो चुके थे कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। बवाल के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है, मगर अब पुलिस ने कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने की दिशा में सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब तक 19 उपद्रवी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और 13 गाड़ियों को जब्त किया गया है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स दांदरपुर गांव में तैनात की गई है। इसके अतिरिक्त, घटनास्थल के वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस तनाव की जड़ें कुछ दिन पहले की उस घटना में हैं, जिसमें कथावाचक मुकुट मणि यादव और उनके सहयोगी संत कुमार यादव के साथ मारपीट हुई थी। आरोप था कि ब्राह्मण समाज के कुछ युवकों ने संत कुमार की चोटी काट दी थी। इस मामले में पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया था। वहीं, अब कथावाचक और उनके सहयोगी के खिलाफ फर्जी पहचान पत्र और धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है, जिसकी शिकायत गांव निवासी जय प्रकाश तिवारी ने की थी। इन घटनाओं के चलते गांव में यादव और ब्राह्मण समुदायों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। गुरुवार को यादव संगठनों के लोग जब गांव में प्रवेश का प्रयास कर रहे थे, तो पुलिस से उनकी तीखी झड़प हो गई। यही बवाल हिंसक हो उठा।
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, आपत्तिजनक टिप्पणी या अफवाहें फैलाने से परहेज़ करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बयान देते हुए कहा, फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और 13 वाहनों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। UP News