उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक पुश्तैनी मकान का बैनामा कराने पहुंची महिला के साथ ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। चाय पीने के बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचते-पहुंचते मामला गंभीर हो गया। आखिर उस मकान में ऐसा क्या हुआ था। पढ़े पूरी खबर।

UP News:उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में चाय पीने के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों की हालत गंभीर हो गई। घटना उत्तर प्रदेश के नहटौर क्षेत्र की है, जहां गाजियाबाद के लोनी देहात से अपने पुश्तैनी मकान का बैनामा कराने पहुंची जायदा अपने भाई आबिद और भाई के ससुर अशरफ के साथ मकान पर गई थीं। तीनों ने वहां चाय पी, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जायदा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आबिद और अशरफ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के लोनी देहात स्थित चांद मुस्तफाबाद निवासी जायदा अपने पुश्तैनी मकान का बैनामा कराने के लिए बिजनौर के नहटौर आई थीं। वह अपने भाई आबिद और भाई के ससुर अशरफ के साथ मोहल्ला सराय रजब अली स्थित मकान पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि मकान से जुड़े काम के सिलसिले में तीनों वहां मौजूद थे।
बताया गया कि मकान पर पहुंचने के बाद जायदा, आबिद और अशरफ ने चाय पी थी। चाय पीने के कुछ देर बाद ही तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। उनकी हालत खराब होते देख परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जायदा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आबिद और अशरफ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने तीनों की हालत बिगड़ने के पीछे जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है। हालांकि, चाय में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट हुई थी या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर मकान के लालच में चाय में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, यह केवल लोगों की ओर से जताई जा रही आशंका है। अभी तक इस संबंध में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस संपत्ति से जुड़े विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह के मुताबिक, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेजा गया है। पुलिस चाय में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
विज्ञापन