कानपुर के पश्चिम पारा थाना क्षेत्र में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्म हाउस पर लूट की वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार आधी रात नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर कथित तौर पर 50 लाख रुपये लूट लिए।

UP News : उत्तर प्रदेश के कानपुर में भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्म हाउस पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सोमवार आधी रात नकाबपोश बदमाशों ने फार्म हाउस में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया और कथित तौर पर 50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
यह वारदात कानपुर शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर पश्चिम पारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, फार्म हाउस में घुसे बदमाशों ने रमेश यादव के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद लूटपाट कर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। UP News :
वारदात की सूचना मिलते ही जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ली है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, घटना में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है। लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश किस रास्ते से आए और किस ओर फरार हुए, इसकी जांच की जा रही है।
रमेश यादव को एक अक्टूबर को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया था। सोमवार को उन्होंने लखनऊ में पदभार ग्रहण किया था और देर शाम कानपुर लौटे थे। रमेश यादव दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उनकी पत्नी शशि यादव भी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। रमेश यादव ने वर्ष 2022 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। UP News :
विज्ञापन