विज्ञापन
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की ऑनलाइन नीलामी में भाजपा ने तीन प्रमुख बिल्डर समूहों को पीछे छोड़ते हुए 45 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर 5500 वर्ग मीटर का भूखंड अपने नाम कर लिया।

UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश मुख्यालय को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की ऑनलाइन नीलामी में भाजपा ने तीन प्रमुख बिल्डर समूहों को पीछे छोड़ते हुए 45 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर 5500 वर्ग मीटर का भूखंड अपने नाम कर लिया। यह जमीन जियामऊ क्षेत्र में स्थित है और अब इसे पार्टी के आधुनिक प्रदेश मुख्यालय के रूप में विकसित किए जाने की तैयारी है। UP News
एलडीए द्वारा आयोजित इस नीलामी में तीन बड़े बिल्डर समूहों के साथ भारतीय जनता पार्टी भी शामिल हुई थी। प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया में भाजपा ने अंतिम दौर तक बढ़त बनाए रखी और 45 करोड़ रुपये की बोली लगाकर जमीन हासिल कर ली। गौरतलब है कि एलडीए ने यह भूखंड हाल ही में लखनऊ नगर निगम से लगभग 29 करोड़ रुपये में खरीदा था। एक महीने के भीतर हुई इस नीलामी से प्राधिकरण को करीब 16 से 19 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस भूखंड पर भाजपा का भव्य और आधुनिक प्रदेश मुख्यालय बनाया जाएगा। प्रस्तावित भवन छह मंजिला होगा, जिसमें संगठनात्मक कार्यालयों के साथ-साथ बैठक कक्ष, सम्मेलन हॉल और मीडिया से जुड़े अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सबसे ऊपरी मंजिल पर हेलीपैड बनाए जाने की भी योजना पर विचार किया जा रहा है, ताकि राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की आवाजाही और कार्यक्रमों का संचालन सुगम हो सके। UP News
यह भूखंड पहले नगर निगम द्वारा दीनदयाल उपाध्याय सेवा न्यास को 90 वर्ष की लीज पर आवंटित किया गया था। वर्ष 2020 में करीब 5500 वर्गमीटर जमीन इस न्यास को दी गई थी, जिसे बाद में फ्रीहोल्ड करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी थी। हालांकि, 7 अप्रैल को न्यास की ओर से बजट संबंधी कारणों का हवाला देते हुए नगर निगम को जमीन वापस करने का पत्र भेजा गया, जिसके बाद पूरी योजना में बड़ा बदलाव आ गया और मामला एलडीए के पास पहुंच गया। UP News
एलडीए ने इस भूखंड को डीएम सर्किल रेट के दोगुने मूल्य पर अपने अधीन लिया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की ओर से नगर आयुक्त को इस संबंध में पत्र भेजा गया था, जिसके बाद नगर निगम सदन ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके बाद प्राधिकरण ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जमीन को प्रत्यक्ष हस्तांतरण की बजाय नीलामी प्रक्रिया के जरिए बेचने का निर्णय लिया। एलडीए द्वारा अपनाई गई खुली नीलामी प्रक्रिया से राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 29 करोड़ रुपये में खरीदी गई जमीन 45 करोड़ रुपये में बिकने से प्राधिकरण को करोड़ों रुपये का अतिरिक्त लाभ मिला। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की पारदर्शी प्रक्रिया भविष्य में किसी भी प्रकार के कानूनी या प्रशासनिक विवाद की संभावना को भी कम करती है। UP News
भाजपा के शीर्ष सूत्रों के अनुसार, नए प्रदेश मुख्यालय के शिलान्यास की तैयारियां तेज हैं। संभावना जताई जा रही है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जुलाई में इस परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जियामऊ स्थित खसरा संख्या 196 अब प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। यहां बनने वाला नया मुख्यालय भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्रीय स्थल होगा, जिससे यह स्थान लखनऊ की राजनीति में एक अहम पहचान स्थापित करेगा। UP News
विज्ञापन