विज्ञापन
UP News: तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में पार्टी विधायक अलीफा अहमद के घर के बाहर बीजेपी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।बीजेपी कार्यकर्ताओं ने फेंके अंडे! महुआ मोइत्रा के आरोप पर अखिलेश यादव क्या बोले?

UP News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा पर कथित रूप से अंडे फेंके जाने की घटना की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ‘‘राजनीतिक हिंसा का माहौल’’ पैदा कर रही है।
लोकसभा में 37 सांसदों वाली सपा के अध्यक्ष ने गुरुवार को एक्स पर लिखा, ‘‘इस नकारात्मक-प्रहारात्मक व्यवहार से पूरे देश की जनता बेहद नाराज और आक्रोशित है। यहां तक कि भाजपा के अपने नेता और कार्यकर्ता तक इस तरह के हिंसक हमलों के खिलाफ हैं क्योंकि उन्हें लग रहा है कि आज जहां उनकी सरकारें नहीं हैं, वहां भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों के ऊपर अगर ऐसा प्राणघातक हमला होना शुरू हो गया तो क्या होगा या फिर कल को उनकी सरकार जाने के बाद क्या होगा।’’
यादव ने कहा, ‘‘भाजपा के बड़े नेता तो सुरक्षा घेरे में खुद को बचा लेंगे लेकिन आम कार्यकर्ता को सड़क पर जनाक्रोश का शिकार होने के लिए छोड़ देंगे।’’ उन्होंने न्यायपालिका और लोकसभा अध्यक्ष से इस मामले पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।
सपा प्रमुख ने इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया।
मोइत्रा ने क्या आरोप लगाया
मोइत्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में पार्टी विधायक अलीफा अहमद के घर के बाहर बीजेपी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। टीएमसी सांसद ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस दौरान उन पर अंडे फेंके और उनके ख़िलाफ नारेबाजी की।
मोइत्रा कालीगंज के पलाशी में अहमद के घर पर तृणमूल की बैठक में शामिल होने गई थीं। तभी बाहर प्रदर्शनकारियों का एक समूह जमा हो गया और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाने लगा।
मोइत्रा ने आरोप लगाया, ‘‘राज्य में सरकार बदलने के बाद कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। अब भाजपा ने मुझ पर हमला करने की साजिश रची है। ये कोई आम लोग नहीं हैं; ये भाजपा कार्यकर्ता हैं।’
विज्ञापन