विज्ञापन
UP News: मायावती ने कहा कि बसपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों पर चलने वाली ईमानदार पार्टी है, जो पूंजीपतियों के सहारे नहीं बल्कि समर्थकों के तन-मन-धन से संचालित होती है।

UP News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने एक मीडिया हाउस के कथित स्टिंग ऑपरेशन को चुनाव से पहले पार्टी को बदनाम करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने टिकट बिक्री के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बसपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों पर चलने वाली ईमानदार पार्टी है, जो पूंजीपतियों के सहारे नहीं बल्कि समर्थकों के तन-मन-धन से संचालित होती है।
मायावती ने कहा कि संकीर्ण, जातिवादी, सांप्रदायिक और पूंजीवादी ताकतें बसपा की कार्यशैली से हमेशा असहज रहती हैं। यही कारण है कि चुनाव नजदीक आने पर पार्टी और उसके नेतृत्व को बदनाम करने के हथकंडे अपनाए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया का एक वर्ग अन्य दलों की गतिविधियों से ध्यान हटाने के लिए बसपा की उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर अनावश्यक सवाल खड़े करता है।
बसपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि पार्टी को मिलने वाला आर्थिक सहयोग मुख्य रूप से उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने और चुनावी गतिविधियों पर खर्च किया जाता है। उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सहित सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। संभावित उम्मीदवारों की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है, जिसमें उनकी सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक स्थिति और पार्टी के प्रति निष्ठा का परीक्षण शामिल है।
मायावती ने मीडिया से जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं को विरोधियों के षड्यंत्रों से भ्रमित न होने की सलाह दी। उन्होंने जोर दिया कि बसपा कार्यकर्ता मिशन-2027 की तैयारी में पूरी ताकत से लगे रहें, क्योंकि पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से विरोधी बेचैन हैं।
स्टिंग ऑपरेशन में दावा किया गया था कि मायावती से मिलने के लिए पांच लाख रुपये और टिकट के लिए करोड़ों रुपये मांगे जाते हैं, जिसे बसपा सुप्रीमो ने सिरे से खारिज कर दिया है। UP News
विज्ञापन