UP News: मोनू 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में वांछित था। मुठभेड़ के बाद उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

Bulandshahr Encounter: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मोनू मारा गया। मुठभेड़ गुलावठी थाना क्षेत्र में बुलंदशहर-हापुड़ मार्ग पर छपरावत के पास हुई। पुलिस के अनुसार, मोनू 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में वांछित था। मुठभेड़ के बाद उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, मौके से एक बाइक, पिस्टल, मैगजीन और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। मोनू के खिलाफ चार जनपदों में सात आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गुलावठी थाना पुलिस और स्वाट टीम छपरावत गांव के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, रुकने के बजाय दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में स्वाट टीम के दारोगा संदीप कुमार और कांस्टेबल नरेंद्र कुमार घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दो पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी।
बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। घायल बदमाश और पुलिसकर्मियों को तुरंत गुलावठी सीएचसी ले जाया गया। बदमाश की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृत बदमाश की पहचान मोनू पुत्र राकेश, निवासी ग्राम फतेहपुर जादौन, थाना चोला, बुलंदशहर के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, वह 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश था। एसएसपी के मुताबिक, मोनू पर 1 अगस्त को चोला रेलवे स्टेशन के पास 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने का आरोप था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
मोनू की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी ने 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, जीआरपी बरेली और जीआरपी अलीगढ़ में कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मोनू के पास से 32 बोर की एक पिस्टल, दो मैगजीन और कई जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बाइक भी बरामद हुई है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी। फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस ने इलाके में कांबिंग शुरू कर दी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
विज्ञापन