चंदौली के चंदासी वार्ड नंबर-12 में ढाई महीने से सड़क पर जलभराव से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने जिलाधिकारी से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की।

UP News: चंदौली जिले के चंदासी वार्ड नंबर-12 में दामोदरदह पोखरा के समीप सड़क पर लंबे समय से बने जलजमाव से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। जलभराव की समस्या को लेकर लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब ढाई महीने से सड़क पर पानी जमा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है। जलभराव के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, पैदल राहगीरों और बाइक सवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी परितोष कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ से दो महीने से सड़क पर पानी जमा है। इसी रास्ते से बड़ी संख्या में लोग और स्कूली बच्चे रोजाना आवागमन करते हैं। पानी और कचरे के कारण सड़क का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता। ऐसे में आए दिन बाइक सवार, पैदल राहगीर और बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। पानी जमा होने के कारण सांप और अन्य जल-जंतुओं के आने का खतरा बना रहता है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
परितोष कुमार के मुताबिक, जलभराव की समस्या को लेकर सभासद से शिकायत की गई थी। आरोप है कि शिकायत के जवाब में बरसात के दौरान पानी जमा होने की बात कही गई। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष से भी समस्या के समाधान की मांग की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से सड़क पर मिट्टी डलवाने और उसके भुगतान की बात कही गई थी। परितोष कुमार का दावा है कि उन्होंने अपनी ओर से करीब पांच ट्रैक्टर मिट्टी भी डलवाई, लेकिन उसका भुगतान अब तक नहीं किया गया। स्थानीय निवासी संतोष कुमार ने बताया कि इस इलाके में जलभराव की समस्या हर वर्ष सामने आती है। इस बार बारिश के बाद करीब दो से ढाई महीने से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है। उनका कहना है कि इसी मार्ग से स्कूल जाने वाले बच्चे और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग गुजरते हैं, ऐसे में जलभराव के कारण लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।
विरोध प्रदर्शन में कल्लू, परितोष विश्वकर्मा, चिरंजीव लाल, मोनू कुमार, विकास कुमार, गोपाल और संजीव शर्मा समेत कई स्थानीय लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि सड़क पर जमा पानी को तत्काल हटवाया जाए और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल मिट्टी डालने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। जलभराव की वजह का पता लगाकर नाली और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में बारिश के बाद दोबारा ऐसी स्थिति न बने और स्कूली बच्चों व आम लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। UP News:
विज्ञापन