उत्तर प्रदेश के चंदौली में पत्नी ने अपने ननदोई के साथ मिलकर पति की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस जांच में अवैध संबंध और साजिश का खुलासा हुआ। पढ़ें पूरी क्राइम न्यूज।

चंदौली। उत्तर प्रदेश में चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। अवैध संबंध में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने ननदोई के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची और देर रात गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके ननदोई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 28 फरवरी की रात राम दुलारी ने अपने ननदोई रामजनम को घर बुलाया था। रात में भोजन के दौरान मृतक और रामजनम के बीच विवाद हुआ, जो कुछ देर बाद शांत हो गया। लेकिन देर रात रामजनम फिर घर पहुंचा और दोनों के बीच अवैध संबंध बने। इसी दौरान पति ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया, जिससे विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुस्से में रामजनम ने पहले मृतक का गला दबाया, फिर राम दुलारी ने रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या प्रतीत हो।
हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश, सुबह किया रोने का नाटक
सुबह राम दुलारी ने रोने चिल्लाने का नाटक किया और पड़ोसियों को बुलाया। लेकिन पुलिस को घटना संदिग्ध लगी। पूछताछ में पूरा सच सामने आ गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने रविन्द्र यादव नामक व्यक्ति को झूठा फंसाने की भी योजना बनाई थी, ताकि आर्थिक लाभ लिया जा सके।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रस्सी बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।