उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में एक शादी समारोह उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब पूर्व भाजपा सांसद से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया। आखिर समारोह में ऐसा क्या हुआ था और पुराने विवाद का इस पूरे घटनाक्रम से क्या कनेक्शन बताया जा रहा है? जानिए पूरी खबर।

शादी समारोह में पूर्व भाजपा सांसद को धमकी, अपहरण कर हत्या करने की कही बात; FIR दर्ज
UP News : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में भाजपा के पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र को अपहरण कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने शादी समारोह के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की और अपहरण कराने के बाद हत्या करने की धमकी दी। घटना के बाद पूर्व सांसद ने पुलिस अधीक्षक और कोतवाली प्रभारी से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र 31 अक्टूबर को पुरानी बाजार मोहल्ला निवासी निजाम के दो बेटों की शादी में शामिल होने जामा मस्जिद ग्राउंड पहुंचे थे। इसी दौरान कर्वी निवासी राजेश पांडेय वहां पहुंचा और उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने पूर्व सांसद को अपहरण कराने और जान से मारने की धमकी भी दी।
पूर्व सांसद ने अपनी शिकायत में बताया कि चित्रकूट इंटर कॉलेज की जमीन को लेकर राजेश पांडेय ने डबल रजिस्ट्री का मुकदमा दायर किया था। इस मामले में कॉलेज के पक्ष में फैसला हो चुका है और संबंधित जमीन पर कॉलेज का कब्जा है। पूर्व सांसद का आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपी उनसे रंजिश रखता है और उन्हें धमका रहा है। उन्होंने आरोपी पर कई स्थानों पर जुए के अड्डे संचालित करने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। UP News
घटना के बाद पूर्व सांसद ने पुलिस अधीक्षक और कोतवाली प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अभयराज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। UP News
विज्ञापन