चित्रकूट में राजापुर-रुपौली-बरुवा मार्ग का 17.60 करोड़ रुपये से चौड़ीकरण होगा। 7.8 किलोमीटर सड़क बनने से 12 गांवों के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।

UP News : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में लंबे समय से बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। राजापुर-रुपौली-बरुवा वाया खोहरा मार्ग का अब चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग इस परियोजना पर करीब 17.60 करोड़ रुपये खर्च करेगा। लगभग 7.8 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण से 10 से 12 गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीण लंबे समय से इसके निर्माण की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार तक का ऐलान किया था।
राजापुर-रुपौली-बरुवा वाया खोहरा मार्ग वर्तमान में काफी संकरा और जर्जर हालत में है। बरसात के दिनों में सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। कई बार हालात ऐसे हो जाते हैं कि ग्रामीणों के लिए इस मार्ग से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। खोहरा मोड़ से रुपौली, रगौली, भदेवरा, तीरमऊ और बरुवा सहित आसपास के गांवों के लोग इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं। सड़क का चौड़ीकरण होने से इन गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। UP News
सड़क की बदहाली का असर केवल आम यात्रियों पर ही नहीं, बल्कि किसानों, शिक्षकों और स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मरम्मत, चौड़ीकरण और सुंदरीकरण की मांग उठा रहे थे। लगातार परेशानी के बावजूद मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान तक कर दिया था। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने परियोजना का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा। UP News
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक ने सड़क के चेनज 4.600 से चेनज 12.400 तक कुल 7.800 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के लिए 17.60 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव में 35.20 लाख रुपये अनुरक्षण मद के लिए भी शामिल किए गए हैं। UP News
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार ने बताया कि राजापुर-रुपौली-बरुवा वाया खोहरा मार्ग का करीब 17.60 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण कराया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने और विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी। अब ग्रामीणों को परियोजना के धरातल पर उतरने और निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है। UP News
विज्ञापन