धर्मनगरी चित्रकूट के रामघाट पर सोमवार सुबह एक आक्रामक कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। मंदाकिनी नदी के किनारे स्नान-पूजन कर रहे बच्चों समेत 14 श्रद्धालुओं को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया।

UP News : धर्मनगरी चित्रकूट के रामघाट पर सोमवार सुबह एक आक्रामक कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। मंदाकिनी नदी के किनारे स्नान-पूजन कर रहे बच्चों समेत 14 श्रद्धालुओं को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालु जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। करीब 20 मिनट तक घाट पर दहशत का माहौल बना रहा। घायलों को उपचार के लिए सीतापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह रामघाट पर श्रद्धालु मंदाकिनी नदी में स्नान और पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान सीतापुर बस्ती की ओर से भूरें रंग का एक कुत्ता दौड़ता हुआ आया और लोगों के पैरों में काटने लगा। अचानक हुए हमले से घाट पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। कुछ श्रद्धालु बच्चों को गोद में लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। UP News
मतगजेंद्रनाथ मंदिर में परिवार के साथ जलाभिषेक करने पहुंचे रेंहुटा निवासी मिथलेश कुमार के पैर में कुत्ते ने दो जगह काट लिया। इसके अलावा सीतापुर कस्बे के राधेश्याम, बसहरी के चार वर्षीय आर्यन, रानीपुर के छह वर्षीय गुरुदेव, अतर्रा के रामेश्वर, कर्वी के मयंक और मनोज तथा सीतापुर के राकेश, ज्ञानचंद्र और महेश समेत अन्य लोग भी घायल हुए। कुत्ते के हमले से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार डंडे लेकर दौड़े तो कुत्ता वहां से भाग निकला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। UP News
सीतापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. गौरव जैदका ने बताया कि अस्पताल पहुंचे 10 लोगों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। वहीं, जिला अस्पताल के डॉ. नवनीत सिंह ने बताया कि वहां पहुंचे चार मरीजों ने रामघाट पर कुत्ते के काटने की जानकारी दी। UP News
जिले में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले दो माह में कई लोग कुत्तों के हमले का शिकार हुए हैं। बरगढ़ के बोझफार्म गांव में स्कूल में घुसे कुत्ते ने दो छात्रों को काट लिया था। इनमें से एक बच्चे की मौत हो गई थी। मानिकपुर में स्कूल जा रहे दो बच्चों पर कुत्तों ने हमला किया था, जिसमें एक बच्चे का हाथ टूट गया था। इसके अलावा भरतकूप-मड़फा मार्ग पर भी राहगीर कुत्तों के हमलों का शिकार हो रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है। रामघाट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है। ऐसे में आवारा कुत्तों के हमलों ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। UP News
विज्ञापन