आजमगढ़ के जीयनपुर में बुर्का पहनकर क्लीनिक में घुसकर चिकित्सक से तमंचे के बल पर लूट के प्रयास का पुलिस ने खुलासा किया। एक आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद।

UP News : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंजानशहीद गांव में एक चिकित्सक से कथित तौर पर तमंचे के बल पर लूट का प्रयास किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किए जाने का दावा किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की रात करीब 8:50 बजे अंजानशहीद गांव स्थित क्लीनिक में चिकित्सक सूर्यनाथ मौर्य मौजूद थे। इसी दौरान दो व्यक्ति अर्टिगा वाहन से वहां पहुंचे। पुलिस का कहना है कि दोनों ने बुर्का पहन रखा था और क्लीनिक में दाखिल होने के बाद चिकित्सक को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चिकित्सक का मोबाइल फोन छीन लिया और लूट का प्रयास किया। चिकित्सक द्वारा विरोध किए जाने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के दौरान 23 सितंबर को उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा की टीम ने समीर शेख (21) पुत्र मो. फैजान, निवासी नुरूद्दीनपुर, थाना जीयनपुर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी बख्खोपुर से सगड़ी की ओर आने वाली नहर के पास दोपहर करीब 1:05 बजे की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर जीयनपुर कोतवाली में आयुध अधिनियम के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का चालान न्यायालय कर दिया है। मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी होने की जानकारी पुलिस की ओर से दी गई है।
विज्ञापन