विज्ञापन
UP Assembly Special Session : यूपी विधानसभा का विशेष सत्र शुरू हो गया है। पक्ष और विपक्ष दोनों ही एक दूसरे पर निशाना साधने के लिए खासे तैयार दिख रहे हैं।

UP Assembly Special Session NEWS : उत्तर प्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र शुरू हो गया है। योगी सरकार ने लोकसभा में हाल में असफल हुए महिला आरक्षण (131वां संविधान संशोधन) बिल पर चर्चा और विपक्ष की भूमिका की निंदा प्रस्ताव लाने के लिए यह सत्र बुलाया है। सदन में महिलाओं के सशक्तिकरण पर फोकस रहेगा।
1995 की घटना सबको याद है : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में 1995 गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए सपा पर हमला बोला. उन्होंने कहा,
"जब मैं समाजवादी पार्टी की बात करता हूं कि 1995 की घटना सबको याद है, जब प्रदेश की पहली दलित मुख्यमंत्री के साथ स्टेट गेस्ट हाउस कांड हुआ था। पार्टी कोई भी हो सकती है लेकिन आपका आचरण क्या था? यह है समाजवादी पार्टी का आचरण। उस समय की बीएसपी नेत्री जो बाद में प्रदेश की मुख्यमंत्री बनी, बीजेपी ने उनका समर्थन किया कि एक दलित की बेटी को सम्मान मिलना चाहिए... स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी अपनी जान पर खेलकर समाजवादी पार्टी के गुंडों से स्टेट गेस्ट हाउस में भिड़े थे।"
योगी का सपा पर तीखा हमला
विशेष सत्र में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, "आप लोगों के आचरण को देखते हुए गिरगिट भी सकुचा जाए कि कौन आ गया है ये। संसद में आचरण कैसा और यहां आचरण कैसा। कैसे रंग बदला जाता है, दिल्ली से लखनऊ पहुंचते-पहुंचते जब आधी आबादी के आक्रोश को झेलना पड़ता है तो यहां रंग बदल गए, अब कहते हैं 33 फीसदी आरक्षण होना चाहिए, तब संसद में विरोध क्यों किया। "
यह सदन गवाह है आपके आचरण का ; योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "... आप (कांग्रेस और INDIA गठबंधन ) आधी आबादी की गरिमा, सम्मान और उत्थान के लिए उठाए जाने वाले किसी भी प्रगतिशील कदम का विरोध करते हैं। आपका आचरण 16 और 17 अप्रैल को लोकसभा में देखने को मिला। यह सदन आपके(सपा) महिला विरोधी आचरण का गवाह है..."
सीएम ने साधा सपा पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में बोलते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी सरकार के शासनकाल में महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों का जिक्र किया।
महिला-विरोधी पार्टियों का पर्दाफाश होगा : पाठक
इस बीच यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर एक विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। इसमें कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसी महिला-विरोधी पार्टियों का पर्दाफाश होगा..."
विज्ञापन