
UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गाजियाबाद के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई अहम कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साहिबाबाद के साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे और कंपनी द्वारा निर्मित अत्याधुनिक डाटा संग्रहण केंद्र (डाटा सेंटर) का भी उद्घाटन करेंगे।
सीईएल के प्रवक्ता कृष्णवीर के मुताबिक, यह नया डाटा सेंटर एक डिजिटल बैंक लॉकर की तरह कार्य करेगा, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों का संवेदनशील डेटा सुरक्षित रूप से संग्रहीत किया जा सकेगा। औद्योगिक सूचना की सुरक्षा और संग्रहण के दृष्टिकोण से यह एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है। इस कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। बुधवार देर रात जिलाधिकारी दीपक मीणा और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने आयोजन स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 1:30 बजे इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन पहुंचेंगे। वहां वे जनप्रतिनिधियों और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भी संवाद करेंगे, उन्हें यात्रा से जुड़ी आवश्यक सामग्री भेंट करेंगे और उनकी मंगल यात्रा की कामना के साथ जत्थे को रवाना करेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने कड़े इंतजाम किए हैं। कड़कड़ मॉडल और झंडापुर क्षेत्र सहित प्रमुख कार्यक्रम स्थलों के आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। ट्रांस हिंडन डीसीपी के अनुसार, लगभग 600 सुरक्षाकर्मी – सादी वर्दी और खाकी वर्दी दोनों में – तैनात किए गए हैं। इसके अलावा लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) भी सुरक्षा निगरानी में जुटी है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की चूक न होने पाए। UP News