पीलीभीत में CM योगी के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए इस बार खास इंतजाम किए गए हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। नूरानपुर स्थित श्री शंकर मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को देखते हुए पीलीभीत समेत नौ जिलों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नूरानपुर स्थित श्री शंकर मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह कथा मंडप में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। यहां 26 अक्टूबर से नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार, योगी आदित्यनाथ करीब डेढ़ घंटे पीलीभीत में रहेंगे। वह सुबह करीब 11 बजे लखनऊ से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे। दोपहर 12:05 बजे उनका हेलीकॉप्टर नूरानपुर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेगा। UP News
पीलीभीत पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री कार से श्री शंकर मंदिर जाएंगे। यहां दोपहर 12:10 से 12:20 बजे तक दर्शन-पूजन का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद वह दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक श्रीराम कथा महोत्सव में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे कार्यक्रम स्थल से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:35 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। UP News
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए नौ जिलों की पुलिस फोर्स को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीलीभीत के अलावा बदायूं, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर समेत अन्य जिलों की पुलिस भी सुरक्षा में तैनात रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर उपनिरीक्षकों, महिला पुलिसकर्मियों और यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस बल का विवरण इस प्रकार है:
पुलिस अधिकारी/कर्मचारी--------------------------तैनाती
अपर पुलिस अधीक्षक-------------------------------4
डिप्टी एसपी------------------------------------------16
थाना प्रभारी------------------------------------------42
उपनिरीक्षक-----------------------------------------144
महिला उपनिरीक्षक---------------------------------38
हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल-----------------------707
महिला कांस्टेबल------------------------------------124
यातायात पुलिसकर्मी--------------------------------65
पीएसी-----------------------------------------------1 कंपनी
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। प्रत्येक सुरक्षा प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्रेन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी मुस्तैद रखा जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। UP News
विज्ञापन