मैच की पहली गेंद शाम 7 बजे डाली जाएगी। खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मैच देखने स्टेडियम पहुंचेंगे। प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक सीएम योगी का शाम 6:30 बजे इकाना पहुंचने का कार्यक्रम है।

UP News : क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा T20 मैच आज अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (इकाना) में खेला जाएगा। मैच की पहली गेंद शाम 7 बजे डाली जाएगी। खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मैच देखने स्टेडियम पहुंचेंगे। प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक सीएम योगी का शाम 6:30 बजे इकाना पहुंचने का कार्यक्रम है।
मैच को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने लखनऊ में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। दोपहर 3 बजे से शहीद पथ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहन, कमर्शियल वाहन और रोडवेज बसें 3 बजे के बाद शहीद पथ से नहीं गुजर सकेंगी। स्टेडियम की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी वैकल्पिक रूट लागू किए जाएंगे, ताकि दर्शकों को असुविधा न हो और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
सुरक्षा एजेंसियों के आकलन के मुताबिक आज के मुकाबले में करीब 15 से 20 हजार वाहन दर्शकों को लेकर स्टेडियम की ओर बढ़ सकते हैं। इसी संभावित दबाव को देखते हुए सुरक्षा घेरा और ट्रैफिक मैनेजमेंट दोनों को हाई-अलर्ट मोड पर रखा गया है और मैदान से लेकर सड़कों तक बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की गई है। जॉइंट सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) बबलू कुमार के मुताबिक, सुरक्षा ड्यूटी में 3 एसपी, 6 एएसपी और 16 डीएसपी रैंक के अधिकारी मोर्चा संभालेंगे। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 3 एसपी, 4 एएसपी और 10 डीएसपी की अलग टीम लगाई गई है। ग्राउंड पर 100 इंस्पेक्टर, 600 सब-इंस्पेक्टर, 1500 कांस्टेबल/हेड कांस्टेबल के साथ पीएसी की 7 कंपनियां तैनात रहेंगी। स्टेडियम के चारों ओर भीड़ नियंत्रण, सघन चेकिंग और पार्किंग पर खास निगरानी रहेगी ताकि मैच का रोमांच बना रहे और दर्शकों को सुरक्षित व सुव्यवस्थित माहौल मिल सके।
प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे BCCI और स्टेडियम प्रशासन की गाइडलाइंस का पालन करें। स्टेडियम में जिन वस्तुओं पर रोक है, उन्हें साथ न लाएं। सुरक्षा जांच में सहयोग करें और समय से पहले निकलें ताकि ट्रैफिक व एंट्री में परेशानी न हो। UP News