UP News: यूपी में 2027 चुनाव को लेकर कांग्रेस सपा गठबंधन को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शिद का बयान आया है जो इन अटकलों को और हवा देता है।

UP News: कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी का समाजवादी पार्टी (SP) के साथ मजबूत गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ने की वकालत की है। उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. विजय (थलपति विजय) की पार्टी टीवीके की चुनावी रणनीति को अपनाने का संकेत भी दिया।
खुर्शीद ने सोमवार को न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा, “अगर समाजवादी पार्टी के साथ अच्छा और ठीक-ठाक गठबंधन हो जाता है तो उत्तर प्रदेश में बहुत कुछ होने की संभावनाएं हैं। अभी से जीत-हार का अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी।”
उम्मीदवारों की कमी पर क्या कहा?
जब खुर्शीद से पूछा गया कि कांग्रेस को यूपी में ज्यादा सीटें चाहिए लेकिन उसके पास चुनाव लड़ने लायक पर्याप्त उम्मीदवार नहीं हैं, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने थलपति विजय की पार्टी का उदाहरण दिया।खुर्शीद ने कहा, “तमिलनाडु में विजय की पार्टी (टीवीके) के उम्मीदवार कहां से आए? उन्हें कोई नहीं जानता था। लेकिन क्या वे नहीं जीते? जब कोई मूवमेंट होता है तो उम्मीदवार खुद उभर आते हैं। अगर पार्टी के पास जनता का बड़ा मुद्दा है तो उम्मीदवारों की समस्या नहीं रहती।”
सपा-कांग्रेस गठबंधन का इतिहास
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन नया नहीं है। दोनों दलों ने 2017 के विधानसभा चुनाव साथ लड़ा था, लेकिन प्रदर्शन रहा। कांग्रेस को महज 7 सीटें मिलीं जबकि SP 47 पर सिमट गई। 2022 के चुनाव में दोनों का सीधा गठबंधन नहीं हो सका। SP ने 111 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस केवल 2 सीटों पर सफल रही।
2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन दोबारा हुआ और अच्छे नतीजे आए। यूपी की 80 लोकसभा सीटों में SP ने 37 जीतीं और कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे और रणनीति पर चर्चा तेज हो गई है।सलमान खुर्शीद का बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस यूपी में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। थलपति विजय की सफलता को उदाहरण मानते हुए पार्टी नए चेहरों और जन आंदोलन पर जोर दे सकती है।यह बयान आगामी चुनावी रणनीति को लेकर कांग्रेस के अंदरूनी सोच को भी दर्शाता है।
विज्ञापन