विज्ञापन
UP Police: भाजपा सांसद कंगना रनौत और टीएमसी की बागी सांसद सयानी घोष के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर यह मामला दर्ज हुआ है।

UP Police: प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक राकेश कुमार वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा सांसद कंगना रनौत और टीएमसी की बागी सांसद सयानी घोष के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर यह मामला दर्ज हुआ है। वर्मा प्रतापगढ़ की रानीगंज सीट से विधायक हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह ने प्रतापगढ़ साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा विधायक ने प्रधानमंत्री की तस्वीर के दाएं-बाएं कंगना रनौत और सयानी घोष की तस्वीरें लगाकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। अंशुमान सिंह ने कहा, “सार्वजनिक मंच पर किसी महिला सांसद के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल महिला सम्मान के खिलाफ है। इससे समाज में गलत संदेश जाता है। सपा का दोहरा चरित्र हमेशा दिखता है। कुछ दिन पहले इन्होंने रामचरितमानस पर भी विवादित टिप्पणी की थी।”
इंस्पेक्टर राजीव कुमार तिवारी इस मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है।
सपा विधायक का बयान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विधायक राकेश कुमार वर्मा ने इसे “सत्ता के अहंकार” वाला मुकदमा बताया। उन्होंने कहा, “किसका अपमान हुआ? मैंने गठबंधन की एक सांसद (सयानी घोष) का उदाहरण दिया, जिन पर भाजपा दबाव बना रही है। कंगना रनौत को सावधान रहने की सलाह दी कि कहीं उनकी जगह भी न ले ली जाए। इसमें आपत्तिजनक क्या है? यह सिर्फ राजनीतिक प्रतिशोध है।”
बता दें कि अभिनेत्री और टीएमसी सांसद सयानी घोष हाल ही में राजनीतिक विवादों में रही हैं और टीएमसी के बागी सांसदों में उनका नाम शामिल है। UP Police
विज्ञापन