बिहार चुनाव परिणामों ने उत्तर प्रदेश की सियासत में भी हलचल मचा दी है। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता रविदास मेहरोत्रा ने मंगलवार को बड़ा बयान दिया है।

बता दें कि मेहरोत्रा ने कहा कि विपक्षी INDIA गठबंधन की अगुवाई सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को करनी चाहिए। उनका दावा है कि सपा नेता, कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता भी यही चाहती है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी है और देश में तीसरे नंबर की बड़ी पार्टी है। INDIA गठबंधन में भी यह नंबर 2 की पार्टी है। छोटे दलों समेत सभी चाहते हैं कि गठबंधन की कमान अखिलेश यादव संभालें।
सपा नेता के इस दावे पर यूपी सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को किसी भी बड़े मंच पर नेतृत्व नहीं मिलने वाला। दयाशंकर ने तंज कसते हुए कहा कि चाहे कोई भी लीड करे, लेकिन इन लोगों को लीड तो मिलनी नहीं है। ये लोग केवल अपनी पार्टी और घर में ही लीड कर सकते हैं। उन्होंने INDIA गठबंधन को “स्वार्थ का गठबंधन” बताते हुए कहा कि यह ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। सपा और राजद का जन्म कांग्रेस के खिलाफ हुआ था, और आज कांग्रेस के पिछलग्गू बनकर चल रहे हैं। जहां स्वार्थ पूरा नहीं होगा, गठबंधन बिखर जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। एनडीए ने शानदार जीत दर्ज की है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी विपक्ष के लिए बिहार में प्रचार किया था, लेकिन उसका कोई खास असर नहीं दिखा। इसके बाद अब INDIA गठबंधन की दिशा और नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं।