
Dadri News: दादरी (उत्तर प्रदेश)। दादरी क्षेत्र में भू-माफियाओं की मनमानी रूकने का नाम नहीं ले रही है। इस क्षेत्र में भू-माफियाओं का एक और कारनामा उजागर हुआ है। इन माफियाओं ने शमशान समेत गऊचर व पशुचर की सैकड़ों करोड़ रूपये की सरकारी जमीन को कब्जा लिया है।
इस बाबत एक शिकायत तहसील दिवस में दादरी के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आलोक कुमार गुप्ता से की गई है। आरोप है कि दादरी क्षेत्र के ग्राम कोट के खसरा सं. 1207 में शमशान भूमि तथा खसरा सं0 1208, 1209 और 1354 में गऊचर व पशुचर भूमि राजस्व रिकार्ड में दर्ज है। जिस पर ग्राम कोट व डेरीन के ही कुछ दबंग लोगों ने कब्जा कर रखा है। इस जमीन की कीमत ढाई सौ करोड़ से भी अधिक की बताई जा रही है। इसकी शिकायत 15 अप्रैल 2022 को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से की गयी थी।
उस समय लेखपाल राजीव शर्मा ने दबंगों से मिलकर पोर्टल पर ही उक्त लोगों के खिलाफ धारा-67 के अंतर्गत कार्रवाई करके दिखा दी व गाटा संख्याओं की पैमाइश व सीमांकन भी दिखा दिया। जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो फिर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की गयी। उस दौरान भी लेखपाल नेत्रपाल ने दबंगों से मिलकर पोर्टल पर ही उनका कब्जा हटाकर ठोस कार्रवाई व गाटा सं. की पैमाइश व सीमांकन करके दिखा दिया व फर्जी समझौतानामा भी लगा दिया। उस समय तो हद ही हो गई कि जब दबंगों ने डी.के.एस.एम. लोटेस्टिक पार्क फर्म के साथ मिलकर 25 जनवरी 2023 की रात जेसीबी मशीन बुलाकर शमशान व पशुचर भूमि में नींव खोद दी व निर्माण कार्य कराने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही गांववासियों ने मौके पर पहुंचकर काम को रूकवाया। इस दौरान ग्रामीणों की दबंगों के साथ हाथा-पाई भी हुई। इसके खिलाफ मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर एक और शिकायत दर्ज करवाई गई। लेकिन इस बार भी निराशा हाथ लगी। दबंग शिकायतकर्ताओं को बार-बार धमका रहे हैं। शिकायत में दबंग लोगों पर कार्रवाई करने तथा शमशान, गऊचर व पशुचर की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की गयी है। यह शिकायत करने वालों में कोट गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज कुमार के साथ ही साथ दो दर्जन से भी अधिक ग्रामीण शामिल हैं।
[video width="640" height="352" mp4="https://chetnamanch.com/wp-content/uploads/2023/02/WhatsApp-Video-2023-02-04-at-5.05.32-PM.mp4"][/video]