हाथरस के 115वें श्री दाऊजी महाराज मेले में लाफ्टर शो के दौरान हजारों की भीड़ पहुंचने से हालात बिगड़ गए। पंडाल और प्रवेश द्वारों पर भीड़ का दबाव बढ़ने के बाद धक्का-मुक्की शुरू हुई और रात करीब 11 बजे पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ीं।

UP News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में चल रहे 115वें ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज मेले में शुक्रवार रात लाफ्टर शो के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बाद पंडाल और प्रवेश द्वारों पर दबाव बढ़ता गया। रात करीब 11 बजे धक्का-मुक्की की स्थिति बनने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां फटकारीं, जिसके बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अचानक इधर-उधर भागने लगे। भीड़ को संभालने के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड भी धक्का लगने से गिरकर घायल हो गया। बताया गया कि घायल होमगार्ड को अस्पताल ले जाने के लिए तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद एसडीएम सदर की गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना में कुछ अन्य लोगों के भी चोटिल होने की जानकारी सामने आई है।
हालात बिगड़ने के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसी दौरान बैरिकेडिंग टूट गई और कुछ लोगों द्वारा कुर्सियां फेंके जाने की बात सामने आई। भीड़ धीरे-धीरे कार्यक्रम स्थल के मंच तक पहुंच गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई। लाफ्टर शो में भारी भीड़ के कारण वीआईपी पास लेकर पहुंचे लोगों को भी प्रवेश नहीं मिल सका। इससे वहां मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। कार्यक्रम स्थल पर लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। UP News:
लाफ्टर शो का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय और ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने किया था। कार्यक्रम में रूबा खान, गुलजार, खासा आला चहर, नंदिनी शर्मा और त्रिलोकी पोपट समेत कई कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान भीड़ लगातार अनियंत्रित होती गई। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने लाफ्टर शो को आधी रात से पहले ही रुकवा दिया। 115वां श्री दाऊजी महाराज मेला सितंबर 2026 में आयोजित किया जा रहा है और जिला प्रशासन ने मेले से पहले सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही थी। UP News:
विज्ञापन