पीएम मोदी ने दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा राष्ट्र को समर्पित किया। अब दिल्ली से कटरा 6 घंटे और अमृतसर 4 घंटे में पहुंचा जा सकेगा।

Delhi-Katra Expressway : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के अहम हिस्से को राष्ट्र को समर्पित कर दिया है। इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली से माता वैष्णो देवी के दरबार स्थित कटरा तक की यात्रा का समय करीब 14 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे रह जाएगा। वहीं दिल्ली से अमृतसर का सफर भी अब करीब 8 घंटे के बजाय लगभग 4 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। यह एक्सप्रेसवे देश की सबसे महत्वपूर्ण ग्रीनफील्ड सड़क परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।
Delhi-Katra Expressway
प्रधानमंत्री ने हरियाणा के जींद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिल्ली-अमृतसर-कटरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के 157.92 किलोमीटर लंबे फोरलेन पैकेज को राष्ट्र को समर्पित किया। इस हिस्से के निर्माण पर लगभग 9,680 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके अलावा पंजाब के जालंधर में एक्सप्रेसवे के 30.9 किलोमीटर लंबे पैकेज-6 का भी उद्घाटन किया गया।
Delhi-Katra Expressway
करीब 667 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पूरा होने से राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इससे माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और पंजाब के विभिन्न शहरों तक यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक, लॉजिस्टिक्स और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
Delhi-Katra Expressway
हरियाणा के जींद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद-सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन स्वदेशी तकनीक से विकसित की गई है और इसके संचालन के दौरान धुएं के बजाय केवल जलवाष्प निकलती है, जिससे कार्बन उत्सर्जन लगभग शून्य रहता है। 10 कोच वाली इस ट्रेन में 3,200 हॉर्सपावर की क्षमता वाला सिस्टम लगाया गया है, जो भारत के हरित परिवहन अभियान की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
Delhi-Katra Expressway
प्रधानमंत्री ने जींद के एकलव्य स्टेडियम में लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा भिवानी और नारनौल में मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन तथा कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी गई।
विज्ञापन