वेबसाइट हैक होने से IIT में हड़कंप मच गया। संस्थान ने एफआईआर दर्ज कराने की भी सोची। लेकिन अब हैकिंग करने वाले युवक के खिलाफ कोई एक्शन नहीं होगा

UP News: कानपुर में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) की वेबसाइट एक युवक ने हैक कर ली। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हैकिंग के स्क्रीनशॉट शेयर किए और इसकी जिम्मेदारी भी ली। इधर IIT में हड़कंप मच गया। संस्थान ने एफआईआर दर्ज कराने की भी सोची। लेकिन अब हैकिंग करने वाले युवक के खिलाफ कोई एक्शन नहीं होगा बल्कि उसे एक बड़ा मौका दिया जाएगा। आइए ये दिलचस्प घटना पूरी तरह समझते हैं: -
IIT कानपुर की वेबसाइट हैक करने वाले युवक ने बैचलर इन साइबर सिक्योरिटी कोर्स में एडमिशन के लिए आवेदन किया था। लेकिन उसका सलेक्शन हो नहीं पाया। मंगलवार को छात्र ने IIT की हाई-सिक्योरिटी वेबसाइट हैक कर उस पर एक मैसेज लिखा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक युवक ने मैसेज में लिखा, "मैं चाहता हूं कि मेरी क्षमता को परखा जाए। मैं किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं चाहता। मैंने वेबसाइट सिर्फ इसलिए हैक की है, ताकि साइबर सुरक्षा से जुड़े संस्थान के प्रोफेसरों का ध्यान मेरी ओर जाए। नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करके यूजर्स वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं।"
IT कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल युवक के प्रयास से इंप्रेस दिखे। उन्होंने कहा कि अगर छात्र में वास्तव में साइबर सुरक्षा की क्षमता है, तो उसे दोबारा बुलाकर टेस्ट लिया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी साइबर सिस्टम में अवैध तरीके से घुसना साइबर सुरक्षा कौशल दिखाने का सही तरीका नहीं है।
प्रो अग्रवाल के मुताबिक बैचलर इन साइबर सिक्योरिटी कोर्स के लिए 15 जून से 25 जून तक आवेदन लिए गए जबकि 5 जुलाई को चयन प्रक्रिया के तहत हैकाथॉन हुआ लेकिन उसमें युवक अपनी क्षमता नहीं दिखा पाया। अब उसके दावे की जांच के लिए उसे संस्थान बुलाकर टेस्ट लिया जाएगा।
विज्ञापन