
Eid 2022 : आज शुक्रवार यानि अलविदा जुमा है। अलविदा जुमा की नमाज अदा कराने और इसके बाद ईद (Eid 2022 ) की नमाज को लेकर जहां (Eid 2022 ) प्रदेश भर में केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती की जा रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी नए स्थान पर न तो अलविदा जुमा और न ही ईद की नमाज नहीं होगी। सार्वजनिक स्थलों पर नमाज की इजाजत नहीं दी जाएगी। सरकार ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के आदेश भी दिए हैं।
आपको बता दें कि 31151 स्थलों पर रमजान माह के अलविदा जुमे नमाज अदा की जाएगी। इसके लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। नमाज के स्थानों तथा अन्य संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 46 कंपनी पीएसी व सात कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है।
डीजीपी मुख्यालय के अनुसार आज 19949 मस्जिदों, 7436 ईदगाहों व 2846 अन्य स्थानों पर अलविदा जुमे की नमाज होनी है। इन 2846 स्थानों को संवेदनशील स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। इसके अलावा 2705 स्थानों को भी संवेदनशील माना गया है। इन सभी स्थानों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। जिलों की पुलिस के अलावा 46 कंपनी पीएसी व सात कंपनी सीएपीएफ की तैनाती की गई है।
मुरादाबाद व प्रयागराज में दो-दो पुलिस उपाधीक्षक भी भेजे गए हैं। इसके साथ ही 1492 पुलिस प्रशिक्षणार्थियों को भी सुरक्षा-व्यवस्था की ड्यूटी में लगाया जाएगा। सभी जोनल एडीजी व रेंज के आईजी-डीआईजी को जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ समन्वय बनाकर हर तरह का सहयोग मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।