विज्ञापन
कर्मचारियों में इस आदेश को लेकर खासी नाराजगी है। वे दलील दे रहे हैं कि दूसरे संस्थानों जैसे - केजीएमयू और पीजीआई में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए ऐसे नियम नहीं बनाए गए हैं।

Lucknow News: लोहिया संस्थान में आउटसोर्सिंग के कर्मचारियों के लिए जारी एक लिखित आदेश विवादों में घिर गया है। मीडिया की खबरों के मुताबिक आदेश कहता है कि महिलाओं को बालों में जूड़ा या हेयरनेट पहनना जरूरी होगा। अगर वो ऐसा नहीं करती हैं तो उन पर 200 रुपये जुर्माना लगेगा। पुरुष कर्मचारी अगर दाढ़ी या लंबे बाल रखते हैं तो उन्हें भी इतना ही जुर्माना भरना होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि यह निर्देश आउटसोर्सिंग एजेंसी ने संस्थान प्रशासन के निर्देश पर जारी किया है। लोहिया संस्थान में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की संख्या करीब 4000 बताई जा रही है।
एजेंसी के कैंप मैनेजर की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि ड्यूटी के दौरान आईकार्ड न पहनने या नेमप्लेट न लगाने पर 100 रुपये जुर्माना, वर्दी न पहनने पर 200 प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगेगा। वहीं ड्यूटी आवर्स में सोने, धूम्रपान व शराब पीने वालों से 500 रुपये जुर्माना लिया जाएगा।
इसके अलावा भी कई निर्देश जारी किए गए हैं जैसे - अवैध या अनुचित तरीके अपनाने, भ्रष्टाचार में शामिल होने या वर्कप्लेस पर किसी तीसरे पक्ष या अधिकारियों से मिलीभगत का दोषी पाए जाने पर बर्खास्तगी की जाएगी और एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्मचारियों में इस आदेश को लेकर खासी नाराजगी है। वे दलील दे रहे हैं कि दूसरे संस्थानों जैसे - केजीएमयू और पीजीआई में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए ऐसे नियम नहीं बनाए गए हैं। उनकी मांग है कि यह आदेश वापस होना चाहिए। आउटसोर्स कर्मजारी अब इस मुद्दे पर संगठित होकर विरोध प्रदर्शन करने की रणनीति बना रहे हैं।
विज्ञापन